अरविंदर सिंह,हमीरपुर: जिला हमीरपुर की ग्राम पंचायत दडूही को वर्ष 2001 के लिए बाल हितैषी पुरस्कार प्रदान किया गया था। इसी आधार पर हिमाचल सरकार की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर पंचायत की डॉक्यूमेंट्री दिखाने के लिए पंचायत में बाल हितैषी कार्यों की डॉक्यूमेंट्री बनाई गई। इस डॉक्यूमेंट्री को राष्ट्रीय स्तर के मंच पर प्रदर्शित किया गया हैं।
17 फरवरी, 2023 से 19 फरवरी, 2023 तक भारत की चुनिंदा पंचायतों के कार्यों को प्रदर्शित करने के लिए भुवनेश्वर उड़ीसा में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें हिमाचल प्रदेश के 12 पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। हिमाचल प्रदेश की दो पंचायतों की ओर से अपने कार्यों को कार्यशाला में डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से प्रगति प्रदर्शित किया। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत दडूही की प्रधान उषा बिरला की ओर से हिमाचल का प्रतिनिधित्व करते हुए लोगों को संबोधित किया गया और किस आधार पर पंचायत में विकास कार्य करवाए गए इस पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने लोगों को अवगत करवाया कि पंचायत की ओर से अन्य विभागों के साथ मिलकर बच्चों के लिए कार्य किया गया हैं, जिसमें मुख्य रुप से प्रवासी बच्चों की स्कूल में पंजीकरण करवाना शामिल था। दडूही पंचायत में जो प्रवासी मजदूर रहते हैं, उनके बच्चे स्कूल नहीं जाते थे। प्रधान उषा बिरला की ओर से इस कार्य के लिए दो कमेटियां बाल शिक्षा समिति एवं बाल संरक्षण समिति बनाई गई ओर उन समितियों की ओर से प्रवासी कॉलोनियों में बार-बार लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया और सभी बच्चों का पंजीकरण सुनिश्चित किया गया। अब पंचायत दडूही में कोई भी बच्चा घर नहीं रहता, सभी स्कूल जाते हैं। इसी कार्य को मद्देनजर रखते हुए पंचायत की डॉक्यूमेंट्री को वहां प्रदर्शित किया।
जिला हमीरपुर के लिए यह गर्व की बात है कि इस पंचायत की प्रधान उषा बिरला, जोकि लगातार तीसरी बार प्रधान पद पर निर्वाचित हुई हैं, ने अपने विशेष प्रयासों से हिमाचल का प्रतिनिधित्व करते हुए हमीरपुर जिला का गौरव बढ़ाया हैं।
