धर्मशाला : राहुल चावला ( TSN)- प्रदेश सरकार द्वारा गेस्ट फेकल्टी भर्ती किए जाने के निर्णय का विरोध शुरू हो गया है। धर्मशाला में जुटे दर्जनों युवाओं ने सरकार को सात दिन के भीतर इस निर्णय को वापिस लेने का आग्रह किया है, अन्यथा प्रदेश भर में आंदोलन शुरू किया जाएगा। युवाओं ने मंगलवार को डीसी कांगड़ा के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भी भेजा।
टीचर बनने की तैयारी कर रहे दर्जनों युवा मंगलवार सुबह पुलिस ग्राउंड धर्मशाला में एकत्रित हुए, जहां पर उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद रैली निकालते हुए यह युवा डीसी कार्यालय पहुंचे तथा डीसी के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजा।
जेबीटी महासंघ प्रदेश महासचिव ने कहा ये
इस अवसर पर जेबीटी महासंघ के प्रदेश महासचिव जगदीश परयाल ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को एक साल के लिए रोजगार दिया जाता है तो उसके मन में रहेगा कि कभी भी नौकरी जा सकती है। युवाओं ने भर्ती के मानदंड पर भी प्रश्न उठाए हैं। सरकार का फैसला बिल्कुल गलत है। युवा रोजगार का इंतजार कर रहा है। गेस्ट फेकल्टी भर्ती स्थाई नहीं होगी, बल्कि एक या 2 साल के लिए होगी। युवाओं के साथ छल व कपट किया जा रहा है। जो अध्यापक भर्ती के लिए एग्जाम की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें नुक्सान होगा। बैकडोर एंट्री होगी। जगदीश परयाल ने कहा कि यह निर्णय वर्तमान आरएंडपी नियमों की उल्लंघना है। उन्होंने युवाओं संग सरकार को गेस्ट फेकल्टी के निर्णय को सात दिन के भीतर वापिस लेने का अल्टीमेटम दिया है। साथ ही युवाओं ने सरकार से मांग रखी है कि इस नीति को वापिस लिया जाए और सरकार स्थाई रुप से नौकरी प्रदान करें।
