धर्मशाला, राहुल-:धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ. नरेश बंसल ने कहा कि बजट 2026-27 देश के बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने वाला और आमजन हितैषी है। उन्होंने बताया कि सरकार ने रेलवे, विमानन और जल परिवहन के क्षेत्र में बड़े प्रावधान किए हैं, जिससे कनेक्टिविटी बढ़ेगी और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट को “शानदार” बताते हुए कहा कि यह पहला अवसर है जब आज़ाद भारत के इतिहास में बजट रविवार को पेश किया गया और यह उनका लगातार नौवां बजट है। डॉ. बंसल के अनुसार 53.5 लाख करोड़ रुपये के इस बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है।उन्होंने बताया कि सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा, एमएसएमई के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का ग्रोथ फंड और प्रत्येक जिले में महिला छात्रावास की स्थापना जैसे कदम युवाओं और महिलाओं के लिए लाभकारी सिद्ध होंगे। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने आर्थिक विकास के साथ महंगाई को भी नियंत्रित रखा है।डॉ. बंसल ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में बढ़ते कर्ज का मुद्दा उठाया। उनके अनुसार वर्ष 2026-27 में राज्य को 13,000 करोड़ रुपये कर्ज और ब्याज के रूप में चुकाने हैं, जबकि 10,000 करोड़ रुपये अतिरिक्त उधार लेने की योजना है, जो वित्तीय स्थिति पर दबाव को दर्शाता है। उन्होंने उत्तराखंड के विकास मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि हिमाचल को उससे सीख लेनी चाहिए।
पर्यटन और पर्यावरण के संदर्भ में उन्होंने बताया कि हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में टिकाऊ पर्वतीय ट्रेल्स विकसित किए जाएंगे। साथ ही 20 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर 10,000 टूर गाइड्स को भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) के सहयोग से प्रशिक्षित किया जाएगा। होटल मैनेजमेंट संस्थानों को अपग्रेड कर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी के रूप में विकसित करने की भी योजना है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
डॉ. बंसल ने कहा कि यह बजट देश को आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ाने वाला साबित होगा।
