Hamirpur, Arvind singh — हमीरपुर की एमबीबीएस डॉक्टर डॉ. रिजुल सिंह ने ‘मिस यूनिवर्स हिमाचल 2025’ का प्रतिष्ठित खिताब जीतकर जिले और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। बलौसम इवेंट्स बाय बेबिन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता को मिस इंडिया यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन का आधिकारिक सहयोग प्राप्त था।
राज्य की बेटियों ने दिखाया आत्मविश्वास, गरिमा और प्रतिभा का अद्भुत संगम
राज्यभर से चयनित 27 प्रतिभागियों ने इस ऐतिहासिक आयोजन में भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य नारी सशक्तिकरण, सांस्कृतिक विविधता और आधुनिक सोच को एक मंच पर प्रस्तुत करना था। प्रतिभागियों ने अपने-अपने जिलों की संस्कृति, परंपरा और दृष्टिकोण को आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया।हमीरपुर की डॉ. रिजुल सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। शिमला की रवितन्या शर्मा पहली रनर-अप रहीं, जबकि दूसरी रनर-अप का खिताब हमीरपुर की ही सान्वी शर्मा को मिला।
अपने विजय भाषण में डॉ. रिजुल ने कहा, “यह मेरे लिए गर्व का क्षण है कि मुझे हिमाचल प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। मैं एक डॉक्टर होने के साथ-साथ हमेशा अपने शौक और लक्ष्यों के प्रति समर्पित रही हूं। इस सफलता का श्रेय मैं अपनी माता को देती हूं, जिन्होंने हर कदम पर मेरा साथ दिया और मुझे प्रोत्साहित किया।”उन्होंने आगे कहा कि यह मंच प्रदेश की बेटियों को अपने सपनों को उड़ान देने का माध्यम है और वे चाहती हैं कि हर बेटी अपने आत्मविश्वास को पहचान कर समाज में अपनी अलग पहचान बनाए।डॉ. रिजुल की इस उपलब्धि ने यह स्पष्ट कर दिया है कि हिमाचल की बेटियाँ सिर्फ ऊँचाइयाँ नहीं छू रहीं, बल्कि ऊँचाइयों की नई परिभाषा गढ़ रही हैं।
