हमीरपुर, अरविंद- : जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर के अध्यक्ष सुमन भारती ने हिमाचल प्रदेश के निर्माता एवं प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि डॉ. परमार ने हिमाचल प्रदेश के विकास की जो मजबूत नींव रखी, उसी का परिणाम है कि आज प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में अपनी अलग पहचान बनाए हुए है।
सुमन भारती ने कहा कि डॉ. परमार ने प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों और ग्रामीण समाज की आवश्यकताओं को समझते हुए विकास की ऐसी नीति अपनाई, जिसमें गांव, किसान, बागवान, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई। उनके नेतृत्व में प्रदेश ने योजनाबद्ध विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाए, जिससे दूरदराज के क्षेत्रों तक विकास की किरण पहुंची।उन्होंने कहा कि डॉ. परमार केवल एक कुशल प्रशासक ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने सदैव पारदर्शी प्रशासन और जनहित को सर्वोपरि रखा। उनका सादा जीवन, उच्च विचार और जनसेवा के प्रति समर्पण सार्वजनिक जीवन में कार्य करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए अनुकरणीय है।सुमन भारती ने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए डॉ. परमार के आदर्शों एवं सिद्धांतों को आत्मसात किया जाए। उन्होंने कहा कि हिमाचल के हितों की रक्षा, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और समग्र विकास के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा तथा उनके विचार प्रदेशवासियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
