बिलासपुर :सुभाष ठाकुर (TSN)- लंबे समय से बारिश न होने पर सूखे की स्थिति उत्पन्न होने के चलते जलशक्ति विभाग ने जिला बिलासपुर में पेयजल व सिंचाई योजनाओं पर पूरा फोकस किया है। हर दिन फील्ड से रिपोर्ट ली जा रही है। हालांकि कई गांवों में पानी की कमी की शिकायतें आ रही हैं,लेकिन जलशक्ति विभाग का तर्क है कि बिजली की कम वोल्टेज की वजह से ऐसा हो रहा है। मोटरें दस से ग्यारह घंटे चल रही हैं जबकि सोलह घंटे तक मोटरें चलती हैं। मोटरें कम समय तक चलने के चलते जलभंडारण टैंकों में जरूरत के हिसाब से पानी जमा नहीं हो रहा जिसके चलते डिस्ट्रीब्यूशन में दिक्कत आ रही है।
बताया जा रहा है कि बिजली की वोल्टेज कम होने की वजह से पेयजल व सिंचाई योजनाओं से जलापूर्ति में बाधा उत्पन्न हो रही है। इस परिस्थिति में कई जगहों पर पानी की किल्लत भी हो रही है। समस्या के समाधान के लिए जलशक्ति विभाग ने बिजली बोर्ड प्रबंधन से बात की है। बिजली की लो वोल्टेज के कारण निर्धारित समय तक मोटरें नहीं चल रहीं जिसकी वजह से जरूरत के हिसाब से पानी लिफ्ट नहीं हो पा रहा। इससे पेयजल डिस्ट्रीब्यूशन में दिक्कत हो रही है और पानी की आपूर्ति बार बार बाधित होने से ग्रामीणों को पानी का संकट झेलना पड़ रहा है। हालांकि जिला में अभी तक कहीं भी जलस्तर कम होने व स्कीमें ठप होने की कोई समस्या नहीं है लेकिन बिजली की कम वोल्टेज होने से दिक्कत जरूर पेश आ रही है।
