संजीव महाजन,नूरपुर: प्रदेश में बरसात का कहर लगातार जारी हैं। भारी बारिश की वजह से जगह-जगह भूस्खलन हो रहा हैं, जिसके चलते सड़क मार्ग बाधित हो रहे हैं। बारिश होने की वजह से यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही हैं। वहीं बीते 3 दिनों से लगातार 32 मील के पास पहाड़ी से आ रहा मलबा लोगों के लिए परेशानी बना हुआ हैं।
यहां पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर फोरलेन कार्य के चलते पहाड़ों को काटकर मार्ग की चौड़ाई बढ़ाई जाने को लेकर काम चला हुआ हैं। पर पिछले दो- तीनदिनों से हो रही बारिश की वजह से लगातार पहाड़ी से मलबा गिरने मार्ग बंद होने पर यातायात प्रभावित हो रहा है जिसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा हैं।
फोरलेन कंपनी मशीनरी लगा कर इस मलबे को हटाने के काम में लगी हुई है पर बारिश के वजह से बार बार मलबा गिरने के चलते मार्ग को खुलवाने में नाकाम दिख रही हैं। पठानकोट, नूरपुर को कांगड़ा, धर्मशाला, मंडी और हिमाचल के कई जिलों को जोड़ने वाला यह मुख्य एकमात्र मार्ग हैं। बीती देर रात से हो रही बारिश की वजह से शुक्रवार को सुबह करीबन पांच बजे 32 मील में पहाड़ी से मलबा गिर गया जिस कारण मार्ग बिल्कुल बंद हो गया।
मलबा हटाकर एक-एक वाहन को गुजारा जा रहा है लेकिन इस कीचड़ में फंसने से वाहनों का काफी नुकसान हो रहा हैं। सुबह एक निजी बस कीचड़ में फंस गई जिससे मार्ग बंद हो गया। तीन दिन से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। लोग पैदल ही अपने जूतों को हाथ में उठाकर कीचड़ से गुजरने को मजबूर हैं। इस मार्ग को खुलवाने में प्रशासन की कार्यप्रणाली सुस्त नजर आ रही हैं।
