सोलन/योगेश शर्मा: सोलन का नरसिंह मंदिर सबसे प्राचीन शिव मंदिरों में से एक है, जहां सैंकड़ों भक्त अपनी मनोकामना पूर्ण करने के लिए शीश झुकाने आते हैं। लेकिन कुछ समय से यह मंदिर चोरों के निशाने पर है। जहां से कुछ समय पहले चोर भगवान के दानपात्र पर हाथ साफ कर गए थे। इस बार दान पात्र नहीं बल्कि भगवान शिव का कलश लेकर वह यहां से रफू चक्कर हो गए। यह सभी घटना सीसीटीवी कैमरे पर कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार शाम के समय जब मंदिर में भजन कीर्तन चल रहा था, तो दो युवक मंदिर में घुसे एक युवक बाहर सीढ़ी पर बैठ कर रैकी करता रहा और दूसरा मंदिर में घुस गया। पहले उसने मंदिर के चढ़ावे में चढ़े पैसे उठाए और बाद में जहां मंदिर में कीर्तन चल रहा था, वहां जा कर माथा टेका और उसके बाद फिर शिव मंदिर में जब कुछ नहीं मिला तो शिव कलश ही चोरी कर लिया और उसके बाद वह बिना खौफ के मंदिर से नौ दो ग्यारह हो गए। लेकिन शायद उन्हें पता नहीं था कि उनकी यह हरकत कैमरे में कैद हो चुकी है।
रोष जताते हुए व्यवसायी अनिल ने बताया कि इस मंदिर में पहले भी चोरी हो चुकी है। इसलिए पुलिस को चाहिए की थोड़ी यहाँ पर सख्ती बढ़ाएं ताकि चोरों पर पुलिस का डर बना रहे। उन्होंने कहा कि यह दोनों युवा किसी अच्छे घर के प्रतीत हो रहे है। लगता है वह नशे के चक्कर में उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि चोर सीसीटीवी फुटेज में कैद हो चुके है। इस लिए चाहते है कि पुलिस उन्हें जल्द से जल्द पकड़े और उन्हें कठोर सजा भी दें। उन्होंने सभी शहर वासियो से आग्रह किया है कि अगर उन्हें इन युवाओं के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो वह मंदिर के पुजारी को दें।
