बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 5 अक्तूबर को लुहणू मैदान में आयोजित की जा रही रैली में सदर हलके से 20 हजार लोग भाग लेंगे। इसमें पंद्रह हजार पंचायतों और शेष पांच हजार शहर से शामिल रहेंगे। कार्यक्रम तय होने के बाद अभी तक कुल 100 में से 75 बूथों का दौरा कर जनता का न्यौता दे चुके हैं, जबकि शेष 25 बूथों को अगले दो दिनों में कवर कर लिया जाएगा। जनता में पीएम के कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। यह बात सदर विधायक सुभाष ठाकुर ने रविवार को यहां सर्किटहाऊस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कही।
उन्होंने कहा कि पांच अक्तूबर का दिन बिलासपुर के लिए ऐतिहासिक होगा क्योंकि पहली बार कोई प्रधानमंत्री पांच साल की अवधि यानी एक रिकॉर्ड समय में तैयार किए गए राज्य के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान एम्स के उदघाटन के लिए पहुंच रहे हैं। 3 अक्तूबर 2017 को जिस प्रोजेक्ट की नींव रखी थी आज पांच साल में बनकर तैयार हुए एम्स का उदघाटन भी पीएम ही करने जा रहे हैं। यह जिला व प्रदेश की जनता के लिए गौरवमयी पल हैं। प्रधानमंत्री की आवभगत के लिए बिलासपुरवासी तैयार हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री तय शेड्यूल के मुताबिक सुबह दस बजे एम्स के हैलीपैड पर हैलिकॉप्टर से उतरेंगे और वहां एम्स का उदघाटन करेंगे। इसके साथ ही एम्स परिसर का विजिट करने का भी कार्यक्रम रखा गया है। इस दौरान उनके साथ बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर और राज्य के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मौजूद रहेंगे। इसके बाद सीधे लुहणू मैदान पहुंचेंगे जहां एक विशाल जनसभा को प्रधानमंत्री संबोधित करेंगे। इस जनसभा में एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। खास बात यह है कि जिला में यह पहला ही मौका है जब पीएम के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष भी जनसभा में उपस्थित रहेंगे।
