नीरज डोगरा,शिमला: हर साल की तरह इस साल भी शिमला के ऐतिहासिक जाखू मंदिर में दशहरा पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। मंदिर में रावण सहित मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले दहन के लिए तैयार किए गए थे जिन्हें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रिमोट का बटन दबा कर स्वाह किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर रावण को आग लगाई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि आज बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व विजयदशमी धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि आज ही के दिन प्रधानमंत्री पीएम नरेंद्र मोदी ने एम्स का उद्घाटन व कई अन्य सौगातें हिमाचल प्रदेश को दी। प्रधानमंत्री ने दशहरे पर कुल्लू में जाकर भगवान रघुनाथ की रथायात्रा में हिस्सा लिया। उन्होंने प्रदेशवासियों को इस पर्व की शुभकामनाएं भी दी।
