मंडी,धर्मवीर(TSN)-नशे में टल्ली होकर स्कूल पहुंचे मुख्य शिक्षक (एचटी) यादविंदर को शिक्षा विभाग ने सस्पेंड कर दिया है।इसके साथ ही उनका तबादला करके खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पधर में मुख्यालय तय किया गया है।मामला मंडी जिला के बल्ह उपमंडल के तहत आने वाले प्राथमिक स्कूल दूसरा खाबू का है।
कक्षा में टल्ली होकर स्कूल पहुंच गया था मुख्याध्यापक
बता दें कि शिक्षक का कथित रूप से नशे का सेवन कर स्कूल में आने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसके बाद शिक्षा विभाग ने कड़ा संज्ञान लेते हुए इसकी जांच करवाई थी।उसके बाद प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उक्त मुख्याध्यापक को सस्पेंड कर दिया है।उक्त अध्यापक का स्कूल के बजाए बीइइओ कार्यालय द्रंग द्वितीय पधर में मुख्यालय निर्धारित किया गया है।रिवालसर शिक्षा खंड के खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी सुखिया राम को मामले की प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार कर कार्यालय में सौंपने के लिए अधिकृत किया गया है।
प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद विभागीय जांच में आरोप साबित होने पर उक्त मुख्य अध्यापक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाएगा। बीते बुधवार को रिवालसर क्षेत्र के दूसरा खाबू राजकीय प्राथमिक स्कूल में कुर्सी पर सोए मुख्याध्यापक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।शिक्षा के मंदिर पर इस तरह के कृत्य पर सोशल मीडिया पर यूजर अध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठा रहे थे।वायरल वीडियो में एक व्यक्ति अध्यापक से पूछताछ कर रहा है,लेकिन अध्यापक वीडियो में जवाब देने में असमर्थ प्रतीत हो रहा है। अध्यापक छुट्टी पर होने की बात कह रहा जबकि वीडियो में स्कूल में बैठे बच्चे भी साफ तौर पर देखे जा रहे थे। खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी रिवालसर ने वीरवार को उक्त स्कूल में पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।उन्होंने स्कूली बच्चों के साथ साथ स्टाफ सदस्यों व अन्य लोगों से भी बातचीत की है।प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक विजय गुप्ता ने शिक्षक को सस्पेंड किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शिक्षक के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की जाएगी।
