मंडी : धर्मवीर (TSN)- लगभग डेढ़ महीने के अंतराल के बाद नगर निगम मंडी में आज मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव होंगे। 15 वार्डों तक फैले इस नगर निगम में 11 पार्षद बीजेपी व चार पार्षद कांग्रेस के हैं। प्रदेश सरकार का इन चुनावों में विधायकों के वोट डालने के निर्णय के बाद अब तीन हलकों सदर, बल्ह व द्रंग के विधायक भी अपना वोट कास्ट करेंगे। जिला प्रशासन ने भी चुनाव को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। दोपहर 12:00 से नगर निगम हाल में चुनावी प्रक्रिया शुरू होगी।
भाजपा का पलड़ा भारीः
बता दे की 2021 में हुए शहरी निकाय के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने यहां से 11 पार्षद जीतकर आए थे, वहीं कांग्रेस चार वार्डों तक ही सीमित रह गई थी। ऐसे में अढ़ाई साल तक मेयर और डिप्टी मेयर की कुर्सी पर भाजपा का काबिज रही। अढ़ाई साल कार्यकाल पूरा होने पर एक बार फिर से अब नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर के लिए चुनाव होने जा रहे हैं। इन चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी का पलड़ा भारी दिख रहा है। भाजपा के 11 पार्षदों के साथ अब तीन विधायक भी वोट करने जा रहे हैं। यह विधायक भी भारतीय जनता पार्टी के ही हैं। ऐसे में इन विधायकों का फायदा सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी को मिलने वाला है।
जयराम ठाकुर पहुंचे मंडीः
2021 में जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री रहते हुए स्वयं नगर निगम चुनावों की कमान संभाली थी। वहीं अब एक बार फिर से जयराम ठाकुर मुख्य रोल में नजर आ रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष अपने गृह जिला के नगर निगम मेयर व डिप्टी मेयर चुनाव में काबिज होकर फिर से अपना तिलिस्म बरकरार रखने के लिए भाजपा पार्षदों को संगठित करने में लगे हुए हैं। बीती रात को मंडी पहुंचकर नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा पार्षदों के साथ बैठक की है। वहीं आज सुबह भी पार्षदों के साथ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बैठक कर रहे हैं।
कांग्रेस की रणनीति को झटकाः
विधायकों को वोट करने का अधिकार मिलने के बाद अब मंडी में कांग्रेस का तख्ता पलट करने की रणनीति को झटका लगा है। नगर निगम क्षेत्र के तीनों हल्का के विधायक भाजपा के ही है। ऐसे में भाजपा की स्थिति यहां पर और भी मजबूत हो गई है। बावजूद इसके कांग्रेस अंदर खाते भाजपा की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। सूत्रों की माने तो कांग्रेस पार्षद इस चुनाव प्रक्रिया में भाग लेंगे और आखिरी तक उलट फेर करने की संभावनाओं को देखेंगे। अब य देखना दिलचस्प होगा कि दूसरे मेयर व डिप्टी मेयर का ताज किसके सर सजता है।
