सिरमौर/पंकज शर्मा: सिरमौर जिला के शिलाई विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचन अधिकारी द्वारा चुनाव संबंधित सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। 10 नवंबर को सभी पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया जाएगा। लोकतंत्र के चुनावी महापर्व को स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से पूरा करवाने के लिए शिलाई के निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार सिंघा और उनकी टीम द्वारा लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। शिलाई विधानसभा क्षेत्र में कुल 76343 मतदाता है जिनमें 34221 महिलाएं और 42122 पुरुष शामिल है। 12 नवंबर को 102 मतदान केंद्रों पर करीब 700 कर्मचारी और सुरक्षा अधिकारी चुनावी प्रक्रिया को पूरा करवाएंगे। जिनमें शिलाई के 2 मतदान केंद्रों में केवल महिला कर्मचारी और नाया के एक मतदान केंद्र में केवल दिव्यांग कर्मचारी ही बतौर पोलिंग स्टाफ तैनात रहेंगे।
शिलाई में 10 सेक्टर ऑफिसर सहित कुल 30 टीमें है सक्रिय
चुनाव प्रक्रिया को लोकतांत्रिक और संवैधानिक ढंग से पूरा करने के लिए शिलाई में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटेटिक सर्विलेंस, वीडियो सर्विलेंस और सेक्टर ऑफिसर की कुल 30 टीमों का गठन करके लगातार निगरानी की जा रही है। शिलाई के एसडीएम और निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार सिंघा ने सभी मतदाताओं से बिना किसी डर और दबाव के ज्यादा से ज्दाया संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।
