संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में विधानसभा चुनावों में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियां चुनाव के बाद से अपनी-अपनी जीत को लेकर दावा करती आई है। वहीं चुनावों को लेकर अब जब एग्जिट पोल जारी हुए है तो दोनों ही राजनीतिक दल एग्जिट पोल के परिणामों को लेकर आमने सामने आ गए हैं और बयान बाजी भी दोनों राजनीतिक दलों के बीच जोरो शोरों से चल रही हैं।
एक और जहां कांग्रेस पार्टी एग्जिट पोल को लेकर सवाल उठा रही है तो वहीं भाजपा एग्जिट पोल आने के बाद इससे ही अपने मिशन रिपीट के दावे को लेकर और ज्यादा आश्वस्त नजर आ रही है। उनका कहना है कि भाजपा एग्जिट पोल आने से पहले ही प्रदेश में मिशन रिपीट को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त थी और अब जब राष्ट्रीय चैनलों के सभी सर्वे भी भाजपा के पक्ष में है तो इससे स्पष्ट है कि प्रदेश में एक बार फिर से पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
भाजपा नेता राजीव भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश में रिवाज बदल रहा है और यह स्थिति प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों की ओर से किए गए सर्वे में साफ हो गई है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने एक होकर काम किया है और प्रदेश में इस बार रिवाज बदलने जा रहा है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही है। 2 दिन बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी और प्रदेश में पूर्ण बहुमत से फिर से भाजपा की सरकार सत्ता में आएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एग्जिट पोल पर सवाल खड़े कर रही है जबकि यह प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के विशेषज्ञों की ओर से धरातल पर जाकर करवाए गए सर्वे के आधार पर ही जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एग्जिट पोल पर टिप्पणी करने के अलावा कुछ नहीं कर सकती है। उन्हें पता है कि प्रदेश में फिर से भाजपा सत्ता पर काबिज होने वाली है ओर 8 दिसंबर को स्थिति स्पष्ट हो जाएगी और प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनना तय है।
