हमीरपुर, अरविंद-: बिजली बिलों का समय पर भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं के कारण हमीरपुर में विद्युत बोर्ड की करीब 21 करोड़ रुपये की राशि अटक गई है। लंबे समय से बकाया बिलों की अदायगी न होने के कारण अब बिजली बोर्ड ने सख्त रुख अपनाने का फैसला लिया है। बोर्ड ने घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को बकाया राशि जमा करवाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। निर्धारित अवधि में भुगतान न करने पर संबंधित उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जाएंगे।
बिजली बोर्ड के अनुसार सबसे बड़ी बकाया राशि जल शक्ति विभाग यानी आईपीएच की ओर है। आईपीएच पर बिजली बोर्ड के करीब 14 करोड़ रुपये बकाया हैं। विभाग की ओर से पिछले कुछ महीनों से विद्युत बिलों का भुगतान नहीं किया गया है। हालांकि इससे पहले आईपीएच की ओर से करीब 13 करोड़ रुपये की राशि जमा करवाई जा चुकी है। इसके बावजूद बड़ी रकम अभी भी लंबित है।
अधीक्षण अभियंता आशीष कपूर ने बताया कि आईपीएच की आउटस्टैंडिंग राशि पहले करीब 34 करोड़ रुपये थी, जिसमें से लगभग 13 करोड़ रुपये का भुगतान हो चुका है। वर्तमान में करीब 21 करोड़ रुपये की राशि विभिन्न उपभोक्ताओं के पास बकाया है, जिसमें अकेले आईपीएच की देनदारी 14 करोड़ रुपये है।हमीरपुर जिले में जल शक्ति विभाग की सैकड़ों उठाऊ पेयजल योजनाएं संचालित हैं। इन योजनाओं को चलाने के लिए लगातार विद्युत आपूर्ति की आवश्यकता रहती है। दिन-रात बिजली की खपत होने के कारण आईपीएच का विद्युत बिल भी काफी अधिक आता है। विभाग सामान्य तौर पर समय-समय पर बिजली बिलों की अदायगी करता रहा है, लेकिन पिछले कुछ महीनों से भुगतान लंबित रहने के कारण बकाया राशि बढ़ती चली गई।बिजली बोर्ड के मुताबिक घरेलू उपभोक्ताओं पर भी करीब दो करोड़ रुपये की राशि बकाया है। वहीं व्यावसायिक उपभोक्ताओं ने लगभग तीन करोड़ रुपये के बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया है। इसके अतिरिक्त अन्य उपभोक्ताओं के पास करीब दो करोड़ रुपये की राशि लंबित है। इसमें कुछ सरकारी विभाग भी शामिल हैं।बोर्ड की ओर से सरकारी विभागों से बकाया राशि की वसूली के लिए पत्राचार किया जाएगा। संबंधित विभागों को जल्द से जल्द लंबित बिजली बिल जमा करवाने के लिए कहा जाएगा। वहीं घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के खिलाफ अब डिस्कनेक्शन अभियान चलाने की तैयारी है।
बिजली बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि जमा करवाने के लिए उपभोक्ताओं को एक सप्ताह की मोहलत दी गई है। इसके बाद विभाग की टीमें बकाया बिल वाले कनेक्शनों की सूची के आधार पर कार्रवाई शुरू करेंगी। जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जाएंगे, उन्हें दोबारा विद्युत कनेक्शन लेने के लिए बकाया राशि के साथ निर्धारित पेनल्टी भी जमा करवानी होगी। इसके बाद ही कनेक्शन बहाल किया जाएगा।अधीक्षण अभियंता आशीष कपूर ने कहा कि समय पर बिजली बिलों का भुगतान नहीं होने से बोर्ड की बड़ी रकम फंस रही है, जिससे विभागीय कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे निर्धारित समय के भीतर अपने लंबित बिजली बिल जमा करवाएं, ताकि कनेक्शन काटने की कार्रवाई से बचा जा सके।
