सोलन,भूपेंद्र- : युवाओं को साइबर अपराध और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचाने के उद्देश्य से लॉयन्स क्लब सोलन वैली द्वारा सोलन में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांश सिंगल ने की। इस दौरान विभिन्न स्कूलों के लगभग 300 विद्यार्थियों ने भाग लिया और विशेषज्ञों ने उन्हें साइबर ठगी के नए तरीकों, ऑनलाइन सुरक्षा तथा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांश सिंगल, लॉयन्स क्लब सोलन वैली के अध्यक्ष रमेंद्र बावा तथा विनीत राय सूद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध और नशे के बढ़ते मामलों को देखते हुए युवाओं को समय रहते जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में सतर्कता तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तुरंत सूचना देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही दिशा देने और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि स्कूल स्तर पर इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे, जिससे युवा पीढ़ी साइबर अपराध और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर सुरक्षित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
