धर्मशाला, राहुल-: हिमाचल प्रदेश सरकार के उप मुख्य सचेतक और शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया ने ग्राम पंचायत सुधेड़ में कसुम्बर नाग से अन्द्राड़ गांव तक प्रस्तावित सड़क मार्ग का शिलान्यास किया। यह मार्ग 3 लाख रुपये की लागत से तैयार होगा और आसपास के 50 से 100 परिवारों को आवागमन और आपातकालीन सेवाओं में सुविधा प्रदान करेगा।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़कर समग्र विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने यह भी बताया कि राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत धर्मशाला वन मंडल में वर्ष 2026-27 के रोपण सत्र में 149 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण किया जाएगा। इस योजना के तहत पहले से ही 28 हेक्टेयर भूमि पर 22,400 पौधे रोपित किए जा चुके हैं और आगामी सत्र में 60,000 देशी पौधे लगाए जाएंगे। इससे लगभग 35,000 स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभ मिलने की संभावना है।इसके अलावा, केवल सिंह पठानिया ने घोषणा की कि 1 अप्रैल से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों को पीने के पानी की 7,000 बोतलें वितरित की जाएंगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनी और कई मामलों का मौके पर समाधान किया।शिलान्यास और कार्यक्रम में डीएफओ धर्मशाला अमित शर्मा, आरओ सौरभ शर्मा, बीओ नितिन, फॉरेस्ट गार्ड अभिषेक राणा, एडवोकेट जनरल हिमाचल प्रदेश अनुपप रत्न, कुसुंबर नाग युवा कमेटी के प्रधान सुनील कुमार, उप प्रधान यशपाल शर्मा, सचिव विजय शर्मा, नायब तहसीलदार यासीन मोहम्मद सोनी सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
