बिलासपुर : सुभाष ठाकुर ( TSN)- विद्युत बोर्ड में खेल कोटे के माध्यम से भर्ती हुए कर्मियों को पदोन्नति में भी यह सुविधा प्रदान की जाए। यह बात बिलासपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में विद्युत बोर्ड कर्मी प्रीतम सिंह ने कही। उन्होंने कहा किा खेल कोटे से विद्युत बोर्ड में टीमेट, हेल्पर सब स्टेशन, हेल्पर पावर हाऊस, लाईनमैन भर्ती हुए हैं। लेकिन अब उन्हें पदोन्नति में आईटीआई की शर्त लगाई गई है, जोकि सही नहीं है।
विद्युत बोर्ड कर्मी प्रीतम सिंह ने कहा कि अन्य कर्मियों को पदोन्नति मिल रही है, लेकिन खेल कोटे से भर्ती हुए कर्मियों को पदोन्नति से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्युत बोर्ड उच्च अधिकारियों को इस मसले को लेकर उचित कदम उठाने चाहिए। उन्होंने राज्य खेल मंत्री विक्रमादित्य से आग्रह किया है कि खिलाडिय़ों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने आग्रह किया कि बोर्ड द्वारा अन्य कर्मियों की तर्ज पर उन्हें भी पदोन्नति दी जाए। इसके अलावा पांच फीसदी स्पोर्ट्स कोटा भी प्रदान किया जाए। वहीं, खिलाडिय़ों को स्टडी लीव के माध्यम से आईटीआई या स्टेनो करवाई जाए, ताकि प्रदेश, देश का नाम रोशन कर रहे इन खिलाड़ी कर्मियों को भी लाभ मिल सके।
