सोलन : योगेश शर्मा -जिला सोलन में मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया गया । जिसमें करीब 50 कंपनियों ने भाग लिया और प्रदेशभर के युवाओं ने इस मेले में रोजगार के लिए आवेदन किया । रोजगार मेले की अध्यक्षता श्रम एवं रोजगार मंत्री धनीराम शांडिल ने की । जिन्होंने कहा कि भले ही बारिश की वजह से आज रोजगार मेले पर असर पड़ा हो, लेकिन आने वाले समय में और भी ज्यादा रोजगार मेले हिमाचल प्रदेश में आयोजित किए जाएंगे।
धनीराम शांडिल ने कहा कि रोजगार मेलों के साथ-साथ ऑनलाइन आवेदन भी रोजगार को लेकर युवाओं के भविष्य में वर्तमान सरकार द्वारा लिए जाएंगे, ताकि जो बेरोजगारी की समस्या आज देश के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में बढ़ रही है, उस पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों का आयोजन करने का मुख्य उद्देश्य बेरोजगारों को नौकरी देने का है,जो इधर उधर भटक रहे हैं।
रोजगार मेले में एक साथ ही कंपनियां युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार प्रदान कर रही है । धनीराम शांडिल ने कहा कि आने वाले दिनों में रोजगार कार्यालयों को ऑनलाइन किया जाएगा, ताकि युवा रोजगार के लिए ऑनलाइन ही आवेदन कर सके और युवाओं को भी आने वाली भर्तियों की जानकारी मिल सके। बता दें कि बुधवार सुबह से बारिश का दौर जारी है लेकिन इस बारिश के मौसम में भी युवाओं में रोजगार को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है।
