सोलन/योगेश शर्मा: हिमाचल प्रदेश में जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं। वैसे-वैसे लगातार कर्मचारी भी प्रदेश सरकार पर दबाव बना रहे हैं कि उनकी मांग को पूरा किया जाए। वही ओल्ड पेंशन स्कीम बहाली की मांग को लेकर पिछले 10 दिनों से जिला मुख्यालय पर न्यू पेंशन संघ के कर्मचारी भी बैठे हुए हैं। वहीं मंगलवार 10वें दिन सोलन के ओल्ड डीसी ऑफिस कार्यालय में भी कर्मचारियों द्वारा अनशन को जारी रखा गया।
भारी बारिश के चलते भी कर्मचारी अपनी मांग को लेकर क्रमिक अनशन पर बैठे रहे। दसवें दिन क्रमिक अनशन में हिस्सा लेने आए ममलीग ब्लाक के कर्मचारी परवेश शर्मा ने बताया कि उनकी एकमात्र मांग ओपीएस बहाली की है और सरकार इसे पूरा कर सकती है। उन्होंने कहा कि जब तक आचार संहिता नहीं लगती है। उससे पहले सरकार इस बारे में ठोस कदम उठाते हुए उनकी मांग को पूरा कर सकती है और फिर कर्मचारी सरकार के साथ चलने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा ओपीएस बहाल नहीं कर पाती है तो उम्मीद उसके बाद कांग्रेस से रहती है क्योंकि कांग्रेस ने सरकार बनते ही 10 दिनों के भीतर ओपीएस बहाल करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जैसे भी निर्देश राज्य कार्यकारिणी की तरफ से उन्हें मिलेंगे उसी तर्ज पर आगे कार्य किया जाएगा।
