राकेश,ऊना: प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर महिलाओं को भाजपा की तरफ करने के लिए स्मृति ईरानी महिलाओं से मिलने के लिए हिमाचल पहुंची है। स्मृति ईरानी ने आज हमीरपुर ओर ऊना में नारी शक्ति कार्यक्रम किया ओर महिलाओं में प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनावों को लेकर उत्साह भरा। हिमाचल प्रदेश के ऊना में नारी शक्ति कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंची केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने चुनाव उद्घोष को देखते हुए कांग्रेस और कांग्रेस नेताओं पर जमकर निशाना साधा ।
केंद्रीय मंत्री ने हिमाचल प्रदेश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से अपना दूसरा घर मानने की बात कही और पीएम मोदी की ओर से कुल्लू दशहरा में आने को इसका संकेत बताया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के चुनावी युद्ध में भारतीय जनता पार्टी को अग्रिम बधाई देते हुए मिशन रिपीट कर जीत दर्ज किए जाने का दावा किया । यही नहीं केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी की ओर से वीर सावरकर पर की गई टिप्पणी को कांग्रेस को इतिहास की सही जानकारी होने का अभाव बताया और कांग्रेस की ओर से केवल एक ही परिवार की स्तुति किए जाने की बात कही ।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने केंद्र सरकार द्वारा हर घर को शौचालय दिए जाने की योजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिलाओं का सम्मान बताया । उन्होंने इस योजना के माध्यम से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा सोनिया गांधी पर तंज भी कसा ।
केंद्रीय मंत्री ने भारत जोड़ो यात्रा के बहाने राहुल गांधी पर भी तंज कसा । उन्होंने इसे गाँधी परिवार द्वारा अपनी राजनीति बचाने और परिवार बचाने की कवायद करार दिया । केंद्रीय मंत्री ने गांधी परिवार में भाई और बहन के बीच द्वंद चलने का भी दावा किया।
