मंडी,धर्मवीर(TSN)-आज छोटी काशी मंडी में अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ हो गया।सूबे के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खु ने पड्डल मैदान से 7 दिवसीय इस महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।इससे पूर्व उन्होंने पहली शाही जलेब यानी शोभायात्रा में शिरकत कर सभी रस्मों का निर्वहन किया।आसमान से बरस रही फुहारों के बीच पहली शाही जलेब निकली।
छातों के साथ झमाझम बारिश की बीच निकली शिवरात्रि की पहली शाही जलेब
देव और मानस मिलन के इस महाकुंभ में झमाझम बारिश भी देवलुओं और श्रद्धालुओं के हौंसलें को कम नहीं कर पाई। फुहारों के बीच जहां शाही जलेब में देव ध्वनियों पर देवलू और स्थानीय लोग झूमते-गाते हुए आगे बढ़ते रहे, वहीं अपने-अपने ईष्ट देवताओं के दर्शनों के लिए श्रद्धालु भी बारिश के बीच लगातार डटे रहे।कई श्रद्धालु जहां छाता लेकर शाही जलेब का दीदार करने के लिए पहुंचे तो कोई बीना छाते के ही अपने देवी-देवताओं की झलक पाने के लिए उत्सुक दिखाई दिए।छोटी काशी मंडी में देव व मानस मिलन का यह भव्य नजारा राज माधव राय मंदिर से पड्डल मैदान तक देखते ही बन रहा था।इस मौके पर जलेब में शामिल होने आई मंडी निवासी माया वरधान,मृदुला कपूर और नीलम शर्मा ने कहा कि इस त्यौहार का उन्हें एक वर्ष से इंतजार रहता है।बेशक आज सुबह से ही बारिश हो रही है लेकिन उनका उत्साह कम नहीं हुआ है।पिछले सालों की तरह वे आज भी उसी उत्साह के साथ जलेब में शिरकत कर रहे हैं।
सीएम भी हेलीकॉप्टर के बजाय सड़क मार्ग से पहुँचे मंडी
बता दें कि प्रदेश में बीती रात से ऊपरी इलाकों में बर्फबारी व बारिश का क्रम लगातार जारी है।पहले सीएम का मंडी आने का कार्यक्रम हेलिकॉप्टर के माध्यम से था लेकिन मौसम खराब होने के चलते उन्हें भी सड़क मार्ग से ही मंडी आना पड़ा। हालांकि उनके दौरे में थोड़ा सा ही विलम्ब हुआ और जो भी समारोह था वो तय समय के बीच ही शुरू हुआ। बारिश के चलते उन्हें खुले आसमान के नीचे लगाए गए स्टेज की बजाय डीसी ऑफिस में पारंपरिक पगड़ी पहनाई गई।
