ऊना | जिला ऊना के गगरेट थाना क्षेत्र में पूर्व सैनिकों के साथ ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि बाहरी राज्य की एक कंपनी ने उन्हें 10% ब्याज का लालच देकर करोड़ों रुपए का निवेश कराया, लेकिन न तो ब्याज मिला और न ही मूल राशि वापस हुई।
शिकायतकर्ता राजिंद्र सिंह और उनके 14 अन्य साथी पूर्व सैनिकों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि हेमंत कुमार राय, संगीता राय, श्रेया राय, राजेश कुमार सिंह और अवदेश कुमार सहित कई लोगों ने Shreya Group of Companies के नाम पर दिसंबर 2022 में आयोजित सेमिनार में निवेश के लिए आकर्षित किया। कुल मिलाकर 4.45 करोड़ रुपये निवेश करवाए गए और 6.09 करोड़ रुपये वापस करने का वादा किया गया था, लेकिन बाद में यह कंपनियां फर्जी साबित हुईं और निवेशकों का पैसा हड़प लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ऊना के एसपी अमित यादब ने लोगों से अपील की है कि वे ज्यादा ब्याज के लालच में आने से बचें और निवेश करते समय अपनी सावधानी और सूझबूझ का इस्तेमाल करें।
