मंडी , धर्मवीर -:हिमाचल प्रदेश में 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवाओं का संचालन कर रही संस्था Medswan Foundation द्वारा कर्मचारियों के उत्साहवर्धन, आपसी समन्वय एवं सकारात्मक कार्य-संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित “मेडस्वान क्रिकेट लीग 2026” के अंतर्गत आज सुंदरनगर में क्रिकेट मुकाबलों का सफल आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कुल्लू, बिलासपुर, मंडी एवं लाहौल की टीमों ने पूरे उत्साह, खेल भावना एवं ऊर्जा के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के जोश एवं सहभागिता ने यह स्पष्ट रूप से दर्शाया कि कर्मचारियों द्वारा इस पहल को अत्यंत सकारात्मक रूप से स्वीकार किया गया है। विशेष बात यह रही कि दूर-दराज क्षेत्रों से भी कर्मचारी बड़ी संख्या में सुंदरनगर पहुंचे तथा अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।आज कुल तीन रोमांचक मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए “मैन ऑफ द मैच” पुरस्कार कुल्लू जिला से चेत सिंह एवं अमित, तथा सरकाघाट से वीरेंद्र को प्रदान किया गया।इस आयोजन के सफल संचालन में मंडी ज़ोन प्रबंधन टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का समुचित एवं प्रभावी संचालन मंडी ज़ोन मैनेजर्स — सौरव ठाकुर, आशीष शर्मा एवं राहुल वर्मा द्वारा किया गया, जिनके प्रयासों से पूरा आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर मेडस्वान फाउंडेशन के स्टेट हेड Ashok Dasson भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां कर्मचारियों के मानसिक उत्साह, टीम भावना एवं आपसी सहयोग को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। संस्था भविष्य में भी कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास एवं सकारात्मक कार्य वातावरण को प्रोत्साहित करने हेतु इस प्रकार की रचनात्मक पहलों का आयोजन करती रहेगी।
