धर्मशाला, कांगड़ा-:प्रसिद्ध आदि हिमानी चामुंडा मंदिर में चल रहे निर्माण कार्यों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेने के लिए जिला प्रशासन की टीम ने दौरा किया। एडीएम कांगड़ा शिल्पी बेक्टा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और भविष्य में सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि मंदिर का मुख्य निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जबकि लकड़ी से जुड़े सजावटी कार्य और सोलर पैनल लगाने का काम अभी बाकी है। प्रशासन की ओर से मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) भी तैयार की जा रही है। चूंकि मंदिर के आसपास का क्षेत्र वन भूमि के अंतर्गत आता है, इसलिए यहां किसी भी कार्य को संबंधित विभाग की अनुमति के बाद ही किया जाएगा।एडीएम शिल्पी बेक्टा ने बताया कि श्रद्धालु जिया और कंड करडियाणा मार्ग से पैदल मंदिर तक पहुंचते हैं। ऐसे में रास्तों में मौजूद कमियों को चिन्हित किया जा रहा है ताकि भविष्य में ट्रैक को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जा सके। वन विभाग के सहयोग से पैदल मार्ग को मजबूत किया जाएगा और रास्ते में बने टियालों पर पेयजल व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाएगा।प्रशासन ने मंदिर परिसर और आसपास फैलने वाले कूड़े-कचरे की समस्या को गंभीरता से लिया है। इसके समाधान के लिए संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य स्टेकहोल्डर्स के साथ बैठक आयोजित कर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि धार्मिक स्थल की स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता बनी रहे।
TAGGED:
Kangra ADM shilpi Bekta
Chandrika
