Una, Rakesh-ऊना जिले में 27 जुलाई को राकेश कुमार उर्फ गग्गी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं होने पर मृतक के परिजन और स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। सोमवार को परिजनों ने एसपी ऑफिस के प्रांगण में प्रदर्शन कर हत्या आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
मृतक के परिजनों ने बताया कि राकेश बाल कटवाने के लिए दुकान पर गया था, जहां दो अज्ञात बाइक सवारों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से ही पुलिस द्वारा नाकाबंदी और जांच अभियान चलाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिल पाई है। परिजनों ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है और आगे और हमले की धमकी भी दी है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
भाजपा युवा मोर्चा के नेता विनय शर्मा ने भी कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिला अपराधियों के निशाने पर है, लोग खुलेआम गोलियां चला रहे हैं और पुलिस अभी तक खाली हाथ है। उन्होंने चेताया कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
एसपी अमित यादव का कहना ये
इस बीच, एसपी ऊना अमित यादव ने जानकारी दी कि परिजनों द्वारा उन्हें ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
