Chintpurni, Vikas — श्रावण अष्टमी के पावन अवसर पर चिंतपूर्णी मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। मेले के पहले तीन दिनों में करीब 2 लाख श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाई है और अब तक कुल ₹50,84,225 का नकद चढ़ावा अर्पित किया गया है। इसके साथ ही विदेशी मुद्रा भी भेंट स्वरूप दी गई है।
भीड़ में थोड़ी गिरावट, पर तैयार है प्रशासन
पांचवें दिन भक्तों की संख्या में कुछ गिरावट दर्ज की गई, लेकिन प्रशासन का मानना है कि मेले के सातवें और आठवें दिन फिर से भारी भीड़ उमड़ सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
प्रशासन सख्त, इंतजाम पुख्ता
सहायक मेला अधिकारी एवं एसडीएम सचिन शर्मा ने बताया कि भीड़ नियंत्रण के लिए मुख्य बस स्टैंड पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही, पुलिसकर्मियों को बारिश से बचाने के लिए रेनकोट और छातों की व्यवस्था भी की गई है।
चेक पॉइंट बढ़ेंगे, बसों की एंट्री रोकी जाएगी
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चेक पॉइंट की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा, आगामी दो दिनों तक रूट की बसों को भरवाईं से आगे नहीं आने दिया जाएगा, जिससे पैदल और दंडवत यात्रा करने वालों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
एसडीएम की अपील
एसडीएम ने पंजाब और अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे प्रशासन पर भरोसा रखें, क्योंकि दर्शन व्यवस्था को व्यवस्थित और सुचारू रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
