नाहन : देवेंद्र कुमार – सूखे से निपटने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को सिंचाई योजनाओं पर अनुदान दिया जा रहा है। किसान इन योजनाओं का लाभ उठाकर विपरीत मौसम में भी अच्छी पैदावार प्राप्त कर सकता है।
उद्यान विभाग के जिला उपनिदेशक डॉ सतीश शर्मा ने बताया कि मौसम की बेरुखी का किसानों और बागवानी पर सबसे अधिक असर पड़ता है। किसानों को मौसम की बेरुखी से निपटने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा कई सिंचाई योजनाएं चलाई जा रही है जिसका लाभ उठाकर किसान विपरीत स्थिति में भी अच्छी पैदावार प्राप्त कर सकता है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के तहत ड्रिप इरिगेशन और स्प्रिंकलर पर 80% अनुदान दिया जा रहा है । इसी प्रकार प्रदेश सरकार की ओर से सीमेंट के टैंक और
पोली टैंक बनाने के लिए 50% अनुदान राशि दी जा रही है।
डॉ सतीश शर्मा ने बताया कि किसान पोलीटैंक के माध्यम से बरसाती पानी को इकट्ठा करके सिंचाई के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। दूसरी ओर स्प्रिंकलर और ड्रिप इरीगेशन से कम पानी से सिंचाई कर अच्छी पैदावार प्राप्त की जा सकती है वही पानी की भी बचत होती है।
