Shimla, Sanju (TSN)-हिमाचल प्रदेश में मई माह की बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों और बागवानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। शिमला समेत प्रदेश के ऊपरी इलाकों में सेब की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि निचले क्षेत्रों में भी नकदी फसलें प्रभावित हुई हैं। इस स्थिति को देखते हुए ठियोग से कांग्रेस विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने राज्य सरकार से तुरंत राहत प्रदान करने की मांग की है।
कुलदीप राठौर ने सरकार से की तत्काल राहत और मुआवजे की मांग
ठियोग से कांग्रेस विधायक और एआईसीसी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि बीते दिनों की ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खासकर सेब और अन्य नकदी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों और बागवानों के साथ खड़ा होना चाहिए और तुरंत नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा प्रदान करना चाहिए।
कर्ज की किस्तों में भी दी जाए छूट
राठौर ने कहा कि इस बार अच्छी फसल की संभावना बेहद कम है और किसान अब बैंक लोन की किस्तें चुकाने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार बैंक ऋणों की अदायगी पर एक साल की राहत दे। साथ ही उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं के लगातार हो रहे नुकसान को देखते हुए दीर्घकालिक नीतियां बनाने की भी बात कही।
