बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: जेपी विस्थापित एवं प्रभावित परिवहन सभा खारसी द्वारा पिछले दिनों गंभरोला में दुर्घटना में ट्रक चालक सोलन निवासी 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। सभा के सभी ट्रक आपरेटरों के सहयोग से मृत चालक के परिवार को चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी गई। सभा के मीडिया प्रभारी कुलदीप ठाकुर ने कहा कि सभा प्रधान महेंद्र सिंह ठाकुर, कार्यकारिणी और सभा के ट्रक आपरेटरों द्वारा एक छोटी सी पहल शुरू की गई है। जिसमें अगर सभा की गाड़ी चलाते समय किसी ड्राइवर की दुर्घटना में मृत्यु हो जाती है तो सभा के आपरेटर साथियों के सहयोग से उस परिवार की मदद की जा रही है।
सभा के महासचिव दौलत सिंह ठाकुर ने कहा कि गांव पवाब, तहसील अर्की के 21 वर्षीय ट्रक चालक की मृत्यु हो गई गरीब परिवार से संबंधित घर का इकलौता बेटा था। इस मौके पर सभा के चेयरमैन परमानंद ठाकुर, उपप्रधान धर्मपाल ठाकुर, ग्राम पंचायत प्रधान चमन सहित ग्रामीण उपस्थित रहे। हिमाचल मोटर चालक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम लाल सनी, प्रदेश सहकोषाध्यक्ष मुकेश पाठक, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राकेश कुमार, मदनलाल, प्रवीण मराठा, हुक्कम चंद, पंकज ठाकुर ने खारसी परिवहन सभा की कार्यकारिणी और सभी ट्रक आपरेटर साथियों का मृत चालकों को दी जा रही आर्थिक सहायता के लिए धन्यवाद किया है।
उन्होंने प्रदेश में कार्य कर रही अन्य परिवहन सभाओं ट्रक आपरेटर साथियों से अपील की है कि ड्राइवरों के लिए इस तरह की योजनाएं बनाएं, ताकि किसी चालक की मृत्यु होने के बाद उस परिवार की मदद की जा सके। उन्होंने प्रदेश सरकार से भी आग्रह किया है कि ट्रक चालकों के लिए कम से कम 20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता का प्रावधान करें, ताकि मृत चालक का परिवार उसके बाद भी सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।
