सोलन/योगेश शर्मा: खाद्य सुरक्षा विभाग सोलन में सितंबर माह में जिला भर से 36 सैंपल जांच के लिए भरे हैं। जिसमें नॉन वेज, वेज, ढाबा से खाने पीने की वस्तुएं और न्यूट्रास्यूटिकल के सैंपल लिए गए हैं। जिला में बद्दी, नालागढ़, अर्की, सुबाथू और कंडाघाट से सैंपल खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग सोलन के सहायक आयुक्त अरुण चौहान ने बताया कि जिला में हर माह खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्यान्न वस्तुओं के सैंपल भरे जाते हैं ताकि इस बात का पता लगाया जा सके कि कहीं लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ तो नहीं किया जा रहा है।
इसी कड़ी में सितंबर माह में अभी तक विभाग द्वारा 36 सैंपल भरे गए हैं। उन्होंने बताया कि इन सैम्पलों में नॉन वेज, वेज, ढाबा से खाने पीने की वस्तुएं और न्यूट्रास्यूटिकल के सैंपल लिए गए हैं। सबसे ज्यादा सैंपल औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन से भरे गए हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक विभाग के पास 6 सैंपल की रिपोर्ट आ चुकी है, जिसमें से 5 सैंपल पास हुए हैं । वहीं एक मैगी का सैंपल मिस ब्रांडेड पाया गया है।
