मंडी,धर्मवीर(TSN)-मंडी शहर के सौली खड्ड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में गुरजिंदर सिंह की टेंट हाउस की वर्कशॉप में अग्निकांड के कारण 60 लाख का नुकसान हो गया है।आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है लेकिन माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह आग लगी है। आग लगने के समय वर्कशॉप में कोई भी मौजूद नहीं था।
मिली जानकारी के अनुसार दोपहर करीब डेढ़ बजे यह आग लगी।लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी।फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। टीम ने यहां लगे फायर हाइड्रेंट से पानी लेने की मदद भी की लेकिन वह फंग्शनल नहीं था।सब फायर आफिसर मुनीश कुमार शर्मा ने बताया कि आग बुझाने में तीन फायर टेंडर लगे। दो फायर टेंडर मौके पर लाए गए थे, जिसमें एक को रिफिल करके फिर लाना पड़ा, तब जाकर आग पर काबू पाया गया।
स्थानीय लोगों ने इंडस्ट्री विभाग और प्रशासन से कार्रवाई की उठाई मांग
स्थानीय पार्षद राजेंद्र मोहन ने इस बात को लेकर नाराजगी जताई कि अग्निकांड के दौरान मौके पर लगे फायर हाइड्रेंट से कोई मदद नहीं मिल पाई।यह उस क्षेत्र के साथ नाइंसाफी है जहां पर उद्योग लगे हैं और लाखों करोड़ों का कारोबार होता है।उन्होंने उद्योग विभाग और जिला प्रशासन से इस ओर ध्यान देकर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना पेश न आए।उन्होंने बताया कि अगर फायर हाइड्रेंट काम कर रहा होता तो शायद आग पर समय रहते काबू पा लिया जाता और ज्यादा नुकसान होने से बचाया जा सकता था।
