संजीव महाजन,नूरपुर: सुक्खू सरकार की ओर से
मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी ) जारी करने पर न्यू पेंशन स्कीम रिटायर्ड कर्मचारी अधिकारी महासंघ हिमाचल प्रदेश के प्रदेश ने सरकार का आभार जताया हैं। महासंघ के अध्यक्ष डॉ. संजीव गुलेरिया ने सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला कांगड़ा में होने वाली मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के सम्मान में आभार रैली ऐतिहासिक होगी जिसमें प्रदेश के लाखों कर्मचारी अधिकारी सेवारत और रिटायर्ड कर्मचारी अधिकारी भाग लेंगे और मुख्यमंत्री को सम्मानित करेंगे।
डाक्टर संजीव गुलेरीया ने कहा कि पहले किसान, फिर जवान,अब पहलवान धीरे धीरे सब के मोदी राज में अच्छे दिन आ रहे हैं। कृपया अंधभक्त अपनी अपनी बारी का इंतजार करते रहें। डॉ. संजीव गुलेरीया ने कहा कि हिमाचल में तो कर्मचारियों ने पिछले 5 वर्ष काफी दंश झेले हैं। कभी लाठीचार्ज, कभी 3 डिग्री तापमान में ठंडे पानी की बौछारें और कर्मचारी नेताओं पर बिना किसी कारण के ( FIR ) एफआईआर व दूर दराज़ के क्षेत्रों में तबादले बदले की भावना से प्रताड़ना। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की ही आह पड़ी है, तभी तो हार की हैट्रिक बनी हैं।
उन्होंने कहा कि अभी तो अगले साल लोकसभा के चुनाव भी हैं, पूरा शगुन डाला जाएगा। हर जुल्म का हिसाब करेंगे। उन्होंने पढ़े-लिखे बेरोजगार युवा पीढ़ी को और कर्मचारी वर्ग को आह्वान किया कि जागो कर्मचारियों, युवा पीढ़ी जागो।
डॉ. संजीव गुलेरीया ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया हैं कि कुछेक कर्मचारी अधिकारी जो आरएंडपी रुलज 1972 की शर्तों के अनुसार ओपीएस में सेवाकाल दस वर्ष से कम होने के कारण नहीं आएंगे उन्हें भी नियमों में बदलाव करके पुरानी पेंशन योजना में लिया जाए। डॉ. संजीव गुलेरीया ने आगे कहा कि हिमाचल प्रदेश में पढ़े-लिखे बेरोजगारी से ग्रस्त युवा पीढ़ी को रोजगार उपलब्ध करवाया जाए यह मुख्यमंत्री से विशेष आग्रह रहेगा।
