बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – मत्स्य विभाग की ओर से मछुआरों के हितों की अनदेखी की जा रही है। इस विभाग में कथित गड़बड़ी हो रही है। लेकिन इस ओर कोई भी उचित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। यह बात मत्स्य सहकारी सभा बैरीदड़ोला के प्रधान साबरदीन ने बिलासपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में कही।
साबरदीन ने कहा कि मत्स्य विभाग में लाखों, करोड़ों के कथित घोटाले हो रहे हैं। जिसे अब मछुआरे समझ चुके हैं। हालांकि विभागीय अधिकारी, कर्मचारी भी इस बात से भलिभांति अवगत हैं। लेकिन फिर भी इस मसले को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मछली के बीज को लेकर एक माफिया कार्य कर रहा है। गोबिंदसागर झील में लगातार पैदावार कम हो रही है। इसके कई कारण माने जा रहे हैं। लेकिन असली कारण यह है कि झील में औपचारिकता पूरी करने के लिए नकली मछली का बीज डाला जा रहा है। अब मछुआरे विभाग और ठेकेदार की इस तरह की मनमानी सहन नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री से इस मसले को लेकर मिला जाएगा। वहीं, सभी मत्स्य सहकारी सभाएं एकजुट होकर उग्र आंदोलन करेंगी।
