कुल्लू : मनमिंन्द्र अरोड़ा – जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर के क्षेत्रीय अस्पताल में सोमवार को जहां विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। तो वही ढालपुर अस्पताल के परिसर में पौधारोपण भी किया गया। इस दौरान प्रशिक्षु नर्सो ने पर्यावरण संरक्षण की भी शपथ ली और संकल्प लिया कि वे अपने आसपास के इलाके में भी लोगों को पर्यावरण संरक्षण के बारे में जागरूक करेंगे। इस दौरान अस्पताल परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएमओ कुल्लू डॉक्टर नागराज पवार ने की।
डॉक्टर नागराज पवार ने प्रशिक्षु नर्सों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज पूरे विश्व के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। ऐसे में आज पूरी दुनिया मिलकर पर्यावरण को सुरक्षित करने के कार्य में जुटी हुई है। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सरकार के द्वारा बेहतरीन कार्य किया जा रहा है और प्रदेश के जंगलों को फिर से हरा-भरा करने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं। ऐसे में जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर के अस्पताल में भी पौधरोपण किया गया और यहां आने वाले लोगों को भी पर्यावरण के बारे में जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम की खास बात यह है कि पौधारोपण के साथ-साथ इसका संरक्षण करने का कार्य भी प्रशिक्षु नर्सों के द्वारा किया जाएगा। वही आने वाले दिनों में अस्पताल में भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिसके तहत ढालपुर अस्पताल आने वाले लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के बारे में जागरूक किया जाएगा।
