अनिल कुमार,किन्नौर: 12 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के तहत किन्नौर जिला में चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से करवाने के लिए किन्नौर पुलिस,केंद्रीय सस्शत्र बल के भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल व रिजर्व पुलिस बटालियन के जवानों की ओर से मंगलवार को जिला मुख्यालय रिकांगपिओ सहित युवारंगी , ख्वांगी , तेलंगी व रिब्बा में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ़्लैग मार्च की अगुवाई उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय नवीन झालटा ने की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह फ्लैग मार्च 12 नवंबर, 2022 को होने वाले विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत करवाया गया ताकि जिले के मतदाता बिना किसी भय व प्रलोभन से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि पुलिस व जिला प्रशासन का यह दायित्व है कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो ओर मतदाताओं में कानून व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार का संशय न हो।
इसके साथ ही असामाजिक तत्वों को यह संदेश देना भी फ्लैग मार्च का उद्देश्य है कि वे किसी भी प्रकार का ऐसा कार्य न करें जिससे मतदान प्रक्रिया प्रभावित हो। पुलिस अधीक्षक विवेक चहल ने जिला के सभी मतदाताओं से बिना किसी भय व प्रलोभन के मतदान करने का आग्रह किया।
