अनिल कुमार, किन्नौर: जिला किन्नौर में लगातार 5 दिनों से बारिश क़ा दौर जारी है। बारिश ने आज अपना रोद्र रूप धारण किया है जिससे जिला के छोटे बड़े नदी नाले भी उफ़ान पर है । जिला में हुई भारी बारिश की वजह से रुंनंग नाले में भयंकर बाढ़ आई है और इस बाढ़ ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग -5 को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया है, जिसके चलते राष्ट्रीय उच्च मार्ग -5 के दोनों ओर सैकड़ो वाहन फंस चुके है। वाहनों के फंसने से यात्रियों को कई परेशानियों क़ा सामना करना पड़ रहा है।
जिला में बारिश के चलते प्रशासन ने भी अलर्ट जारी किया है और लोगों को नदी नालों के समीप जाने से सख्त मना किया गया है। जिला के रुंनंग नाले में बाढ़ आने से किसी के जानमाल के नुकसान की सुचना नहीं मिली है लेकिन बाढ़ ने नाले के आसपास भूमि कटाव किया है। अगर इसी प्रकार बारिश जारी रही तो राष्ट्रीय उच्च मार्ग को बहाल करना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण रहेगा।
जिलाधीश किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने जिला के लोगों को बारिश के दौरान सफर करने से मना किया है और पर्यटकों को जिस भी पर्यटन स्थल में घूमने गए है उन्हीं पर्यटन स्थलों मे रुकने का आग्रह किया है। जैसे ही मौसम अनुकूल हो जाता है उसके बाद ही किसी भी प्रकार की गतिविधि करने का भी आग्रह भी प्रशासन की ओर से किया गया है ताकि किसी के जानमाल का नुकसान न हो।
