मंडी,धर्मवीर(TSN)-उचित मूल्यों की दुकान यानी राशन के डिपुओ में तेल के दाम बढ़ाने के बाद सरकार ने चावल-आटे के दामों में भी बढ़ोतरी कर दी है।इस बढ़ोतरी से मंडी जिला की जनता नाखुश नजर आ रही है।लोगों का कहना है कि यदि सरकार इसी तरह डिपुओं में मिलने वाली हर चीज के दाम बढ़ाती रही तो बाजार और डिपुओं में क्या अंतर रह जाएगा।
बता दें कि आटा-चावल के दामों में इसी महीने से बढ़ोतरी की गई है.जबकि तेल के दाम पिछले महीने से ही बढ़ा दिए गए थे।सरकार ने एपीएल के साथ-साथ बीपीएल कोटे के राशनकार्ड धारकों की दरों में भी बढ़ोतरी की है। मंडी शहर के उपभोक्ताओं ने बढ़ाए गए दामों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सरकार से निम्न वर्ग के लोगों को रियायत जारी रखने की अपील की है।उपभोक्ता तारा शर्मा कुसुम और हरिप्रिया ने कहा कि सरकार राशन की गुणवत्ता पर ध्यान दे और निम्न वर्ग के लिए रियायतों को जारी रखें, ताकि सरकारी राशन से ऐसे परिवारों का गुजर-बसर सही ढंग से हो सके।
एपीएल और बीपीएल श्रेणी को दिए जाने वाले राशन का ये होगा रेट
वहीं खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले जिला मंडी के नियंत्रक विजय सिंह हमलाल ने बताया कि पहले एपीएल का आटा 9 रूपए 30 पैसे प्रति किलो की दर से मिलता था, उसमें अब 2 रूपए 70 पैसे की बढ़ोतरी करके 12 रूपए प्रति किलो की दर से दिया जा रहा है।चावल पहले 10 रूपए में मिलता था,इसमें 3 रूपयों की बढ़ोतरी करके 13 रूपयों में दिया जा रहा है।बीपीएल श्रेणी को दिए जाने वाले एकस्ट्रा राशन की दरों में भी बढ़ोतरी की गई है।निर्धारित कोटे की दरों में कोई बदवाल नहीं किया गया है लेकिन एकस्ट्रा राशन लेने की जो लिमिट तय की गई है उसकी दरों में इजाफा किया गया है।बीपीएल श्रेणी को आटा पहले 7 रूपए प्रति किलो की दर से मिलता था जिसमें 2 रूपए 30 पैसे की बढ़ोतरी करके 9 रूपए 30 पैसे कर दिया गया है। इसी तरह से चावल पहले 6 रूपए 85 पैसे प्रति किलो की दर से मिलते थे जिसमें अब 3 रूपए 15 पैसों की बढ़ोतरी करके 10 रूपए प्रति किलो की दर से दिया जा रहा है।इसके अलावा सरसों तेल पहले 113 रुपए प्रति लीटर की दर से मिलता था जोकि पिछले महीने से 123 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया है।तेल के दाम एपीएल और बीपीएल के लिए एक जैसे ही हैं।
