कांगड़ा। फिल्म निर्माता, निर्देशक और लेखक आदित्य धर अपनी हाल ही में रिलीज़ हुई फिल्म ‘धुरंधर-2’ की अपार सफलता के बाद कांगड़ा स्थित बज्रेश्वरी देवी मंदिर में दर्शन के लिए आएंगे। निर्देशक आदित्य धर का हिमाचल प्रदेश से खास नाता है, क्योंकि उनकी पत्नी यामी गौतम हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले की रहने वाली हैं और उनका बचपन कांगड़ा में बीता।
बताया जा रहा है कि धुरंधर के पहले भाग की सफलता के बाद आदित्य धर और यामी गौतम ने भी माता बज्रेश्वरी देवी के चरणों में शीश नवाया था। अब फिल्म धुरंधर-2 की हिट सफलता के बाद दोनों फिर से मंदिर दर्शन करने आएंगे।
फिल्म ‘धुरंधर-2: द रिवेंज’ ने देशभर के सिनेमाघरों में दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज देखा है। हिमाचल प्रदेश में भी फिल्म को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। प्राइम सिनेमा कांगड़ा के मैनेजर गौरव शर्मा के अनुसार, फिल्म के रोजाना सात शो चल रहे हैं और दर्शक एडवांस में टिकट बुकिंग कर रहे हैं, जिससे फिल्म लगातार हाउसफुल चल रही है।
फिल्म में रणवीर सिंह, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश वेदी अहम भूमिकाओं में हैं। सीक्वल की कहानी कराची के लियारी शहर के अंडरवर्ल्ड और हमजा अली मजारी के चरित्र के इर्द-गिर्द घूमती है।
सिनेमा प्रेमियों और हिमाचलवासियों के लिए यह मौका खास है, क्योंकि कांगड़ा में फिल्म देखने और एडवांस टिकट बुकिंग का दृश्य लंबे समय बाद देखने को मिला है। आदित्य धर और यामी गौतम की यह मंदिर यात्रा उनकी फिल्म की सफलता और आभार प्रकट करने के रूप में देखी जा रही है।
