ऊना, राकेश -:ऊना में खाद्य आपूर्ति विभाग ने घरेलू गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान विभाग की टीम ने बस स्टैंड के आसपास स्थित कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की। जांच के दौरान चार स्थानों पर अवैध रूप से उपयोग किए जा रहे घरेलू गैस सिलेंडर बरामद कर उन्हें ज़ब्त किया गया।
विभाग के अनुसार, इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच संभावित तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। सरकार ने दावा किया है कि घरेलू उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की कमी का सामना न करना पड़े। इसी क्रम में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे केवल कमर्शियल गैस सिलेंडर का ही उपयोग करें।अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग नियमों का उल्लंघन है और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने व्यापारियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और भविष्य में किसी भी तरह की अनियमितता से बचें।
