राकेश,ऊना: हिमाचल प्रदेश में चुनावी माहौल के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई है। सियासी कुर्सी की चाह में प्रत्येक राजनीतिक दल की प्रत्येक इकाई अलग-अलग स्तर पर अपना कार्य करने में जुटी हुई है। इसी प्रयास में भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा की एक अहम बैठक ऊना जिले की हरोली विधानसभा में हुई। इस बैठक की अध्यक्षता किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने की। बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को भाजपा मिशन रिपीट को लेकर चुनावी टिप्स दिए।
बैठक के बाद उन्होंने किसान मोर्चा की ओर से हिमाचल प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में अहम भूमिका निभाई जाने का दावा किया और मिशन रिपीट के लिए किसान मोर्चा की ओर से जनता के बीच चौपाल लगाकर पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार किए जाने की बात कही । उन्होंने मोदी सरकार की ओर से किसानों की आय 2022 में दोगुनी किए जाने के लक्ष्य से संबंधित प्रश्न पर इस दिशा में निरंतर कार्य किए जाने का दावा किया और जल्द ही इस लक्ष्य को प्राप्त किए जाने का भरोसा जताया । उन्होंने इसके लिए सरकार की ओर से विभिन्न प्रकार की योजनाएं चलाए जाने और किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को 6000 रुपए वार्षिक दिए जाने का जिक्र किया ।
पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एक सवाल के जवाब में हिमाचल प्रदेश में सेब के बागबानों और आलू उत्पादक किसानों के लिए विशेष प्रोसेसिंग यूनिट लगाए जाने का प्रस्ताव भारत सरकार के समक्ष रखे जाने का आश्वासन दिया । फतेहपुर सीकरी से मौजूदा सांसद ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के रास्ते मिशन रिपीट की बयार हिमाचल में भी बहने
का दावा किया। इसी के साथ उन्होंने हिमाचल प्रदेश में भी लंबे समय से सरकार रिपीट ना किए जाने का मिथक तोड़े जाने की बात कही। उन्होंने आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को फर्जीवाल बताते हुए अन्ना हजारे को रौंदने वाला बताया और शराब मामले के बाद आप का सत्य जनता के समक्ष आने का दावा किया ।
आपको बता दें कि चाहर उत्तर प्रदेश फतेहपुर सीकरी सीट से पार्टी के सांसद भी है । किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाते हिमाचल में यह उनका दूसरा दौरा है ।
