अरविंदर सिंह,हमीरपुर: हमीरपुर जिला के सुजानपुर के समीप पनोह पंचायत के हथोल गांव में 2200 कनाल भूमि पर नए औद्योगिक क्षेत्र बनाने के लिए प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके लिए जिला उद्योग विभाग की ओर से औपचारिकताएं पूरी की जा रही है और केवल मात्र जमीन की एनओसी को करवाया जा रहा है। विभाग की ओर से औद्योगिक क्षेत्र को विकसित करने के लिए सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा करने के बाद अब विभिन्न टीमों के द्वारा निरीक्षण कर इसकी विस्तृत रिपोर्ट शिमला स्थित मुख्य कार्यालय को भेज दी गई है ।
जिला उद्योग केंद्र के नए महाप्रबंधक संदीप शर्मा ने बताया कि नए औद्योगिक क्षेत्र के बनाए जाने से बडे उद्योग को लगाने के लिए प्रदेश सरकार से मंजूरी भी ली जा रही है जिससे जिला के अंदर सैकडों युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्रदान होंगे। संदीप शर्मा ने बताया कि नए औद्योगिक क्षेत्र बनाने के लिए उद्योग विभाग प्रयासरत है और इसी के चलते जिला के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में समीप हथोल गांव में 2200 कनाल भूमि का चयन किया गया है जिसमें जल्द ही औद्योगिक क्षेत्र बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि दो तीन विभागों से एनओसी का कार्य भी पूरा किया जा रहा है और आने वाले दिनों में जिला में बडा उद्योग लगने से लोगों को लाभ मिलेगा।
