अरविंदर,हमीरपुर: बीते दिन सुजानपुर कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा की ओर से सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट को लेकर राजनीति में एक तरह का बवाल खड़ा हो गया हैं। इस पोस्ट के बाद भाजपा भी कांग्रेस के लिए आपसी कलह को सार्वजनिक रूप से उजागर होने की बात कर रही हैं। तो इसी बीच शनिवार को सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने एक बार फिर से अपने संबोधन में अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा किया हैं।
विधायक ने सराहकड गांव में सर्व कल्याणकारी संस्था की ओर से राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अगर प्रदेश सरकार भी कोई गलत काम करेगी या नौजवानों की आवाज को उनके मामलों को लेकर नहीं सुनेगी तो युवाओं की आवाज बनकर वह उनके मुद्दों को विधानसभा में उठाऐंगे। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें इसी लिए चुनकर विधानसभा भेजा है ताकि वह लोगों की आवाज को विधानसभा तक पहुंचा कर लोगों की समस्याओं का हल करवा सके ।
हमीरपुर जिला के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में शाहरुख कल्याणकारी संस्था की ओर से अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष पर मेधावी छात्रों का खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सुजानपुर के विधायक व प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने शिरकत की । इस मौके पर हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशीष शर्मा भी मौजूद रहे।
इस दौरान विधायक ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। वहीं उन्होंने युवाओं की विभिन्न समस्याओं को प्रदेश सरकार के समक्ष उठाकर हल करवाने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि हमीरपुर के कर्मचारी चयन आयोग में बड़े स्तर पर धांधलियां होने के चलते उसे बंद किया गया था लेकिन अब इसकी कार्यप्रणाली को बहाल कर देना चाहिए क्योंकि हजारों युवा अपनी परीक्षा परिणाम का इंतजार कर रहे हैं । उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से खुद बात भी करेंगे और उन्हें एक पत्र भी लिखेंगे ।
राणा ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए उन्होंने जहां पुलिस भर्ती में हुए घोटाले और फर्जी डिग्रियों के मामले को उठाया था वहीं युवाओं से जुड़ी हर समस्या को आगे भी किसी तरह से विधानसभा में उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आज युवा वर्ग नशे के दलदल में फंसता जा रहा है युवा इससे बाहर निकल कर खुद को शारीरिक रूप से फिट रखने के लिए खेलों में जाएं।
उन्होंने इस कहा कि युवा इस देश की रीड की हड्डी है युवा मजबूत होंगे तो देश मजबूत होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर अपने आप को खेलों और दूसरी गतिविधियों में व्यस्त रखें। इस कार्यक्रम में बड़सर के विधायक इंद्रपाल और भोरंज के विधायक सुरेश कुमार को भी आमंत्रित किया गया था लेकिन किन्हीं कारणों से इस कार्यक्रम में शिरकत नहीं कर पाए
