संजीव महाजन, नूरपूर: नूरपूर में मनाए जा रहे राज्यस्तरीय जन्माष्टमी महोत्सव के तहत खेल प्रतियोगिताओं का आगाज आज युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने किया। यह पहली बार है कि इस मेले में खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई है। यह प्रतियोगिताएं राज्यकीय माध्यमिक पाठशाला बदूही में करवाई जा रही है। खेल प्रतियोगिताओं का आगाज़ वॉलीबॉल मैच से किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर विधानसभा क्षेत्र के तहत बनाए गए चार जोन के 25 निजी ओर सरकारी स्कूलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर वन मंत्री ने कहा कि हमारी समृद्ध संस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों के आज़ादी में दिए गए योगदान का लंबा इतिहास विद्यमान है। हमारी संस्कृति की उच्च परम्पराओं को बनाये रखना हम सब का नैतिक कर्तव्य है। लेकिन आज की युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति व इतिहास से दूर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी समृद्ध संस्कृति और इतिहास की परम्पराओं के साथ बुजुर्गों की ओर से स्थापित किए गए उच्च आदर्शो को कायम ओर उनकी विस्तृत जानकारी रखना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि नूरपुर का इतिहास ऐतिहासिक बृजराज स्वामी मंदिर के साथ-साथ महान स्वतंत्रता सेनानी वज़ीर राम सिंह पठानिया तथा आज़ादी में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अन्य वीरों से जुड़ा है। राकेश पठानिया ने कहा कि राज्य स्तरीय जन्माष्टमी महोत्सव के साथ खेल, सांस्कृतिक तथा अन्य प्रतियोगिताओं के साथ बच्चों को जोड़ने की एक नई शुरुआत की है ताकि आने वाली पीढ़ियों को इस महोत्सव के आयोजन के लिए प्रेरणा मिल सके।
वन मंत्री ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से जहां मानसिक तनाव दूर होता है वहीं शारीरिक ओर बौद्धिक विकास भी होता है। इससे खिलाड़ियों को एक दूसरे के साथ मिलने ओर अपने प्रदर्शन के लिए एक बेहतर मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर खिलाड़ी को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रयासरत है ताकि कोई भी खिलाड़ी आर्थिक तंगी के कारण अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन से वंचित न रहे। वन मंत्री ने आज़ादी के अमृत महोत्सव पर हर घर तिरंगा अभियान के लिए सभी लोगों से आगे आने का आह्वान किया। इससे पहले, स्कूली बच्चों की ओर से भव्य मार्च पास्ट ओर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
वन मंत्री ने इस मौके पर दो बहनों अनु ओर आदर्श शर्मा की ओर से देश भक्ति पर तैयार किए गए युगल गीत का पोस्टर लांच किया। उन्होंने देश भक्ति गीत गाने वाली बेटियों की प्रशंसा की। इस मौके पर बदूही स्कूल की प्रिंसिपल अनु महाजन ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। वहीं स्थानीय पंचायत के उप प्रधान राजेश चिब ओर नूरपुर पब्लिक स्कूल के एमडी अरविंद डोगरा ने भी अपने विचार रखे।
