सोलन : योगेश शर्मा – शुक्रवार को सोलन में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शिवकुमार द्वारा प्रेस वार्ता का आयोजन कर प्रदेश की पूर्व भाजपा सरकार पर हिमाचल प्रदेश का कर्ज़ का बोझ छोड़ने का आरोप लगाया गया है । कांग्रेस जिला अध्यक्ष शिवकुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आई आपदा से निपटने के लिए प्रदेश की सुखविंदर सिंह सरकार लगातार कार्य कर रही है लेकिन जिस तरह से केंद्र की भाजपा सरकार हिमाचल की जनता के साथ भेदभाव कर इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित नहीं कर रही है इसका जवाब जनता जानना चाहती है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष शिवकुमार ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के ऊपर 94 हजार रुपए का कर्ज भाजपा सरकार की वजह से है । प्रदेश आज आर्थिक बदहाली में है इसकी जिम्मेदार भाजपा सरकार है, लेकिन फिर भी जिस तरह से आपदा से हिमाचल प्रदेश को 12000 करोड़ का नुकसान आंका गया है,बावजूद इसके सरकार हर प्रभावित परिवार तक पहुंचने का प्रयास कर रही है और हिमाचल प्रदेश के पुनर्निर्माण में किस तरह से कार्य किया जाए इसको लेकर योजनाएं बनाई जा रही है।
वहीं आपदा से हजारों लोग बेघर भी हुए हैं,ऐसे में सरकार ने निर्णय लिया है कि शहरी क्षेत्र में ₹10000 किराए के मकान और ग्रामीण क्षेत्र में ₹5000 किराए के मकान का पैसा सरकार लोगों को देगी। उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में सरकार सभी चीजों से निपट रही है लेकिन हिमाचल की आपदा को राष्ट्रीय आपदा अभी तक घोषित नहीं किया गया है और जो सहायता हिमाचल प्रदेश को केंद्र से मिलनी चाहिए थी वह भी नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के लोगों से पूछना चाहती है कि आखिर हिमाचल के साथ ऐसा भेदभाव क्यों जबकि हिमाचल प्रदेश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना दूसरा घर मानते हैं । उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया है कि हिमाचल प्रदेश की आपदा की स्थिति को देखते हुए इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए और हिमाचल प्रदेश को एक विशेष पैकेज इस आपदा से उभरने के लिए दिया जाए।
