Shimla, 12 December-:हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मौजूदा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार को विपक्ष को उसकी भूमिका समझाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का दायित्व जनता की आवाज बनकर सरकार के हर उस निर्णय पर सवाल उठाना है, जो जनहित के विपरीत हो।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री विपक्ष के सवालों से असहज हो रहे हैं और असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश में बार-बार झूठे आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंडी रैली के दौरान जो घटनाएं हुईं, वे सबके सामने हैं और सरकार उन्हें भी झूठ बताने की कोशिश कर रही है।उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि सरकार की उपलब्धियों पर सवाल उठाए जाते हैं तो मुख्यमंत्री बौखला जाते हैं। उन्होंने पूछा कि क्या विपक्ष ने उप मुख्यमंत्री को मुख्यमंत्री के खिलाफ मंच से खुलकर आलोचना करने के लिए कहा था? पूरा प्रदेश देख चुका है कि एक ही मंच पर उप मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठाए और मुख्यमंत्री जवाब तक नहीं दे पाए।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार पर गुटबाजी के आरोप पहले भी लगते रहे हैं, लेकिन अब यह खुलकर सामने आ रहा है कि मंत्रिमंडल के भीतर ही कई गुट सक्रिय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों और अधिकारियों को धमकाने जैसी बातें सरकार के शीर्ष नेताओं के बीच हो रही हैं, और मुख्यमंत्री इस पर मौन रहकर अराजकता को बढ़ावा दे रहे हैं।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सरकार में थोड़ी भी नैतिकता बची है तो उसे विपक्ष पर झूठे आरोप लगाने से बचना चाहिए। विपक्ष जनता की भलाई के लिए सरकार के गलत निर्णयों का विरोध करता रहेगा। उन्होंने पीटरहॉफ में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का भी निरीक्षण किया, जहां केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का स्वागत किया जाएगा।
