Mandi, dharamveer –सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) को लेकर राज्य सरकार और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। मौजूदा शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के इस दावे कि प्रदेश सरकार एसपीयू के दायरे को सीमित नहीं कर रही, पर पूर्व शिक्षा मंत्री गोबिंद ठाकुर ने कड़ा पलटवार किया है।
मंडी में मीडिया से बातचीत में गोबिंद ठाकुर ने कहा कि शिक्षा मंत्री का यह बयान तथ्यहीन है और जमीनी हकीकत के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार यूनिवर्सिटी की स्वायत्तता और विस्तार को सीमित करने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है।गोबिंद ठाकुर ने कहा, “एसपीयू मंडी को भाजपा सरकार के समय स्थापित किया गया था, जिससे मंडी समेत आसपास के जिलों के छात्रों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिले। लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद मौजूदा सरकार इस विश्वविद्यालय के बजट में कटौती कर रही है, जमीन से जुड़े मामलों को लंबित रखा गया है और विश्वविद्यालय की परिसरों को अन्य संस्थानों को सौंपने की कोशिश की जा रही है।”उन्होंने इसे सरकार की “संकीर्ण मानसिकता” और मंडी ज़िले के प्रति “भेदभावपूर्ण रवैये” का परिचायक बताया। ठाकुर ने कहा कि यह न केवल शैक्षणिक विकास में बाधा है, बल्कि मंडी की जनता की भावनाओं के भी विपरीत है।पूर्व मंत्री ने मांग की कि सरकार विश्वविद्यालय की सुविधाओं में कटौती करने के बजाय, इसे और सशक्त बनाए, ताकि प्रदेश के छात्रों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा मिल सके।
