हमीरपुर,10 सितम्बर(TSN)-पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने सरकार व मुख्यमंत्री पर ह.मला बोलते हुए मुख्यमंत्री पर सवालिया निशान उठाए हैं.भाजपा नेता राजेंद्र राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्पष्ट करें कि जल शक्ति विभाग से जो 18 लाख रुपए का भुगतान उनके परिजनों को किया गया है क्या वह सत्ता के दुरुपयोग की श्रेणी में नहीं आता है।प्रदेश में हजारों लोगों ने जल शक्ति विभाग के मूलभूत ढांचे के निर्माण के लिए कई बीघा जमीनें विभाग को दी हैं तो ऐसे में यह सवाल लाजमी है कि जल शक्ति विभाग ने उन लोगों को कितना भुगतान किया है।
राजेंद्र राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री के परिवारिक सगे संबंधियों को 18 लाख का भुगतान किस कारण से किया गया है।उन्होंने परिवहन विभाग द्वारा छह करोड़ से ज्यादा की भूमि खरीद पर सवाल उठाते हुए कहा कि 2 लाख 62 हजार रुपए की जमीन सरकार के दबाव में परिवहन विभाग ने छह करोड़ से ज्यादा में खरीदी है जो कि भ्रष्टाचार के बड़े मामले को उजागर करती है।राणा ने कहा कि यही कारण है कि मुख्यमंत्री की हठधर्मिता के चलते प्रदेश में आर्थिक आपातकाल जैसे हालात पैदा हो गए हैं।राणा ने खुलासा करते हुए कहा कि रिटायर व टायरेड़ अधिकारियों को लगातार एक्सटेंशन देने का भी खुला खेल चल रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग के एक अधिकारी को पांच साल की एक्सटेंशन देकर सरकार ने एक नया कीर्तिमान बनाया है। उन्होंंने कहा कि सरकार प्रदेश की जनता को स्पष्ट करे कि सरकार ने अब तक सेवानिवृत हो चुके कितने अधिकारियों व कर्मचारियों को एक्सटेंशन दी है और इन धड़ाधड़ दी जा रही एक्सटेंशन का असली राज क्या है।
