बिलासपुर :सुभाष ठाकुर (TSN)- हिमाचल प्रदेश अराजत्रित कर्मचारी महासंघ के पूर्व अध्यक्ष गोपाल दास वर्मा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की घोषणा की है। बुधवार को स्थानीय सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में गोपाल दास वर्मा ने बताया कि जनवरी माह के पहले सप्ताह में संघर्ष समिति का गठन करने सहित पूरे प्रदेश में जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। सरकार को कर्मचारियों व पेंशनर्स की मांगों को पूरा करने के लिए 45 दिन का अल्टीमेटम दिया जाएगा।
प्रदेश अराजत्रित कर्मचारी महासंघ के पूर्व अध्यक्ष गोपाल दास वर्मा ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार एक वर्ष पूरे होने पर जश्र मनाने की तैयारी कर रही है,जबकि इस एक साल में सरकार ने अपना एक भी वायदा पूरा नहीं किया है। विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने जो भी गारंटियां दी थी, उनमें से कोई भी गांरटी पूरी नहीं हुई है। आज पूरे प्रदेश में कर्मचारी, पेंशनर्स, बेरोजगार व मजबूर परेशान हैं। कांग्रेस ने झूठे वायदे करके सत्ता हासिल की और अपनी सहूलियत के मुताबिक व्यवस्था तैयार की है। आम जनता के दुख दर्द से सरकार को कोई लेना देना नहीं है। इसके विपरीत जयराम सरकार का कार्यकाल कर्मचारियों व पेंशनर्स के लिए काफी संतोषजनक रहा है। उन्होंने कहा कि चुनावों में कांग्रेस ने सबसे बड़ा झूठ प्रदेश की महिलाओं से कहा कि उन्हें हर माह 1500 दिए जाएंगे। इस झूठ का खामियाजा कांग्रेस को आगामी लोकसभा चुनावों में भुगतना पड़ेगा।
