Shimla, Sanju (TSN):नगर निगम के इंजनघर वार्ड में रविवार को एक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने भाग लिया। इस शिविर में लोगों के स्वास्थ्य की जांच के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के टेस्ट भी निशुल्क किए गए। यह पहल वार्ड पार्षद अंकुश वर्मा द्वारा की गई, जिसमें लाल पैथ लैब ने सहयोग किया।
स्वास्थ्य शिविर सुबह 7 बजे से 11 बजे तक चला और इस दौरान सैकड़ों लोगों ने ब्लड शुगर, बीपी, हीमोग्लोबिन सहित अन्य जरूरी टेस्ट करवाए। पार्षद वर्मा ने बताया कि वार्ड के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं घर के पास उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया गया।उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि लोगों को टेस्ट के लिए लैब तक न जाना पड़े। आने वाले समय में वार्ड के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।”
